स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने सुलझाया एक्टिवा चोरी का मामला, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। सुपेला थाना अंतर्गत पुलिस चौकी स्मृतिनगर ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले का त्वरित खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई एक्टिवा (CG 07 LW 6256) बरामद कर जब्त कर ली है, जिसकी अनुमानित कीमत 25 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार जीतू साहू (26 वर्ष) निवासी कृष्णा नगर, सुपेला ने 19 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 18 जुलाई को अपनी एक्टिवा से जुनवानी स्थित सूर्या मॉल के सामने वचन डेयरी दूध लेने गया था। दुकान के बाहर वाहन खड़ा कर अंदर गया और लौटने पर एक्टिवा गायब मिली।
शिकायत के आधार पर पुलिस चौकी स्मृतिनगर में अपराध क्रमांक 1022/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर योगेश निषाद उर्फ बाऊ (24 वर्ष) निवासी ग्राम समोदा, चौकी जेवरा सिरसा, थाना पुलगांव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई एक्टिवा बरामद कर जब्त कर ली। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सार्वजनिक स्थान पर बिना निगरानी खड़े दोपहिया वाहनों को निशाना बनाकर अवसर मिलने पर चोरी की वारदात को अंजाम देता था। मामले में आगे की जांच जारी है।
