स्कूल-कॉलेज के पास हेरोइन बेच रहा था युवक, खुर्सीपार पुलिस ने दबोचा, 8.49 ग्राम मादक पदार्थ बरामद

स्कूल-कॉलेज के पास हेरोइन बेच रहा था युवक, खुर्सीपार पुलिस ने दबोचा, 8.49 ग्राम मादक पदार्थ बरामद

भिलाई। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खुर्सीपार पुलिस ने स्कूल और कॉलेज क्षेत्र के समीप अवैध रूप से हेरोइन बेचने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 8.49 ग्राम हेरोइन, नकदी, दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार 23 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आईटीआई मैदान, खुर्सीपार के पास एक युवक युवाओं, विशेषकर स्कूल और कॉलेज के छात्रों को नशीला पदार्थ बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर संदिग्ध भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन उसे पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जसराज सिंह (22 वर्ष) निवासी इंदिरा नगर, छावनी, भिलाई बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 8.49 ग्राम हेरोइन, बिक्री की नकदी राशि 1,050 रुपये, दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई।

खुर्सीपार थाना में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 295/2026 के तहत धारा 8, 21(बी) एवं 27ए एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी स्कूल-कॉलेज और आईटीआई मैदान के आसपास आने वाले युवाओं को छोटी-छोटी मात्रा में हेरोइन बेचकर अवैध कमाई कर रहा था।