घरेलू विवाद में पत्नी का गला घोंटकर हत्या का प्रयास, पति गिरफ्तार
पुरानी भिलाई पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मारपीट के बाद गमछे से गला दबाया, बेहोश हुई महिला को अस्पताल में कराया गया भर्ती

भिलाई। घरेलू विवाद के दौरान पत्नी की गला घोंटकर हत्या का प्रयास करने वाले आरोपी पति को पुरानी भिलाई पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। आरोपी ने पहले पत्नी के साथ मारपीट की और बाद में गमछे से उसका गला दबाकर जान लेने की कोशिश की। गंभीर हालत में महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां होश में आने के बाद उसने पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी।
पुलिस के अनुसार घटना 5 जुलाई 2026 की है। घरेलू विवाद के चलते आरोपी मिथलेश यादव (22 वर्ष) ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट की। विवाद के बाद महिला कुछ समय के लिए अपने मायके चली गई थी, लेकिन आरोपी उसे वापस घर ले आया। इसके बाद दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। इस दौरान आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए पत्नी को जान से मारने की धमकी दी और गमछे से उसका गला घोंटकर हत्या का प्रयास किया। गला दबाने से महिला बेहोश होकर गिर गई।

परिजनों ने तत्काल पीड़िता को अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान होश आने पर उसने घटना की जानकारी दी। महिला की शिकायत के आधार पर थाना पुरानी भिलाई में अपराध क्रमांक 351/2026 के तहत धारा 109 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी की तलाश कर 8 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी मिथलेश यादव निवासी आमा कुआ चौक, पुरैना, थाना पुरानी भिलाई, जिला दुर्ग का रहने वाला है। घटना का कारण घरेलू पारिवारिक विवाद बताया गया है।
