धमधा में 1.11 करोड़ की धोखाधड़ी का खुलासा, 267 महिला ग्राहकों की रकम गबन, 2 आरोपी गिरफ्तार
सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक से जुड़े ऋण प्रकरण में 24 घंटे के भीतर कार्रवाई, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

दुर्ग। धमधा थाना पुलिस ने सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक से जुड़े एक बड़े धोखाधड़ी मामले का खुलासा करते हुए 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि बैंक से संबद्ध सेव फाइनेंशियल मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड की धमधा शाखा में कार्यरत कर्मचारियों ने 267 महिला ग्राहकों से प्राप्त ऋण की किस्त और लोन क्लोजर की राशि कंपनी में जमा नहीं कर 1 करोड़ 11 लाख 93 हजार 173 रुपये का गबन किया।

पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई को कंपनी के प्रतिनिधि अशोक कुमार वर्मा की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। ऑडिट के दौरान शाखा में वित्तीय अनियमितता सामने आई। जांच में पता चला कि शाखा प्रबंधक और कर्मचारियों ने आपराधिक षड्यंत्र के तहत ग्राहकों से ली गई राशि कंपनी में जमा करने के बजाय उसका गबन कर लिया।
मामले में थाना धमधा में बीएनएस की धारा 316(5), 318(4) और 61(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर अनिल विश्वकर्मा (23), निवासी साजा, जिला बेमेतरा और संदीप कुमार खूंटीहरे (31), निवासी पाटन, जिला दुर्ग को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
