भिलाई-3 में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ,पहले दिन 9,145 बच्चों को पिलाई गई पोलियो की खुराक

भिलाई-3 में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ,पहले दिन 9,145 बच्चों को पिलाई गई पोलियो की खुराक

भिलाई। राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 चरोदा अंतर्गत डबरा पारा में अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर अहिवारा विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू तथा डबरा पारा के पार्षद तुलसी धुव्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने सभी अभिभावकों से अपील की कि कोई भी बच्चा पोलियो की दवा पीने से वंचित न रहे और पोलियो मुक्त भारत की उपलब्धि को बनाए रखने के लिए पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को प्रत्येक अभियान में पोलियो की खुराक अवश्य पिलाई जाए।

अभियान के तहत विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 में नवजात शिशुओं को पोलियो की दवा पिलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. दिव्या श्रीवास्तव तथा जिला आरएमएनसीएच कंसल्टेंट डॉ. रश्मि भोसले ने विभिन्न केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने नवजात शिशुओं को पोलियो की दवा पिलाने के साथ ही नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के तहत सभी आवश्यक वैक्सीन लगवाने की भी अपील की।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्राथमिक विद्यालयों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, यूपीएचसी चरोदा, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य सुविधा केंद्रों, रेलवे स्टेशन तथा बस स्टैंड सहित विभिन्न स्थानों पर पोलियो बूथ स्थापित किए गए थे। बीईटीओ सैय्यद असलम ने बताया कि अभियान तीन दिनों तक संचालित होगा। पहले दिन बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई गई, जबकि दूसरे और तीसरे दिन स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 क्षेत्र में अभियान के सफल संचालन के लिए 55 दल, 10 सुपरवाइजर और एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति की गई है। इसके अलावा दो मोबाइल टीम और दो ट्रांजिट टीम भी बनाई गई हैं। संस्था प्रभारी डॉ. शिखर अग्रवाल ने बताया कि क्षेत्र में कुल 10,541 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के पहले दिन 9,145 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जा चुकी है।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न वार्डों के पार्षदों और जनप्रतिनिधियों ने भी नवजात शिशुओं को पोलियो की दवा पिलाकर लोगों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 में वार्ड पार्षद फिरोज फारूखी, पूर्व पार्षद एवं विधायक प्रतिनिधि दिलीप पटेल, रवि नाहर सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।