धमधा नाका मंडी में हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। थाना मोहन नगर पुलिस ने धमधा नाका मंडी क्षेत्र में धारदार हथियार लहराकर लोगों को भयभीत करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो बटनदार स्टील के धारदार हथियार जब्त किए हैं। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार 22 जून 2026 को पेट्रोलिंग के दौरान सूचना मिली कि धमधा नाका मंडी के पास दो युवक धारदार हथियार लहराकर आम लोगों को डरा-धमका रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों संदिग्धों को घेराबंदी कर हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के पास से एक-एक बटनदार स्टील का धारदार हथियार बरामद हुआ। बिना वैधानिक अनुमति हथियार रखने और सार्वजनिक स्थान पर उसका प्रदर्शन कर लोगों में भय का माहौल बनाने पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 336/2026 एवं 337/2026 के तहत धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शैलेन्द्र पाण्डेय उर्फ चिन्टू (26 वर्ष), निवासी तितुरडीह, दुर्ग तथा सोहेल खान उर्फ बाबू (23 वर्ष), निवासी केजीएन चौक, केलाबाड़ी, दुर्ग के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो नग बटनदार स्टील के धारदार हथियार जब्त किए हैं।
