सीएएफ जवानों ने मनाया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, 400 जवानों और परिवारजनों ने किया योगाभ्यास

प्रथम और सातवीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल का संयुक्त आयोजन, स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन का दिया संदेश

सीएएफ जवानों ने मनाया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, 400 जवानों और परिवारजनों ने किया योगाभ्यास

भिलाई। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रथम वाहिनी और सातवीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के संयुक्त तत्वावधान में भिलाई स्थित प्रथम वाहिनी छसबल के परेड ग्राउंड में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जवानों और उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन उप पुलिस महानिरीक्षक राजेश कुकरेजा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य योग के माध्यम से स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन और स्वस्थ भारत का संदेश जन-जन तक पहुंचाना था।

योग शिविर में सातवीं वाहिनी की उप सेनानी श्रीमती प्रज्ञा मेश्राम, उप सेनानी श्रीमती सवा अंजुम तथा सहायक सेनानी जयलाल मरकाम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों की मौजूदगी में योग सत्र का आयोजन अनुशासित और उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्वावलंबी योग संस्था के संचालक आनंद सिंह ने जवानों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने नियमित योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि योग शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाता है तथा तनावमुक्त जीवन जीने में सहायक होता है। इस अवसर पर प्रथम और सातवीं वाहिनी के लगभग 400 जवान एवं उनके परिवारजन शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और निरोग रहने का संकल्प लिया।