सूने मकान में चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, सोने के गहने और औजार बरामद
वैशाली नगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 39,900 रुपये के आभूषण जब्त; एक अन्य आरोपी अब भी फरार

भिलाई। वैशाली नगर पुलिस ने सूने मकान में चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने के आभूषण और घटना में प्रयुक्त लोहे का रॉड बरामद किया गया है। पुलिस ने कुल 39,900 रुपये की मशरूका जब्त की है, जबकि मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार केम्प-01 स्टील नगर निवासी बी. धनराजू (56 वर्ष) ने थाना वैशाली नगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 9 जून की सुबह 11 बजे से 10 जून की सुबह 6 बजे के बीच अज्ञात चोर उनके सूने मकान का मुख्य दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए। आरोपियों ने आलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए थे।

रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि संदेही सन्नी यादव चोरी के गहने बेचने की फिराक में इंदिरा चौक के पास घूम रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे का रॉड, एक जोड़ी सोने का टाप्स और एक सोने की अंगूठी बरामद की। जब्त किए गए आभूषणों की कुल कीमत 39,900 रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सन्नी यादव (20 वर्ष), निवासी अटल आवास, जवाहर नगर, वैशाली नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।
