स्कूल बसों की जांच में मिली खामियां, 5 बसों पर कार्रवाई, 13 चालक स्वास्थ्य समस्याओं से ग्रस्त

दुर्ग में यातायात पुलिस और परिवहन विभाग का संयुक्त शिविर, 51 स्कूल बसों की हुई जांच

स्कूल बसों की जांच में मिली खामियां, 5 बसों पर कार्रवाई, 13 चालक स्वास्थ्य समस्याओं से ग्रस्त

भिलाई। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस दुर्ग और परिवहन विभाग ने रविवार को संयुक्त स्कूल बस जांच शिविर आयोजित किया। पुलिस ग्राउंड सेक्टर-6 भिलाई में आयोजित इस शिविर में 4 शैक्षणिक संस्थानों की 51 स्कूल बसों की जांच की गई। जांच के दौरान सुरक्षा मानकों और आवश्यक दस्तावेजों में खामियां मिलने पर 5 स्कूल बसों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।

अधिकारियों ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुरूप स्कूल बसों में जीपीएस, सीसीटीवी कैमरा, स्पीड गवर्नर, आपातकालीन निकास, प्राथमिक उपचार पेटी, अग्निशमन यंत्र, स्कूल का नाम और संपर्क नंबर समेत अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया।

परिवहन विभाग की टीम ने बसों के पंजीयन, परमिट, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र, रोड टैक्स और चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की जांच की। वहीं हेडलाइट, ब्रेक लाइट, इंडिकेटर, टायर, स्टीयरिंग, क्लच, एक्सीलेटर, हॉर्न, वाइपर और सीट व्यवस्था सहित मैकेनिकल फिटनेस का भी निरीक्षण किया गया।

जांच के दौरान जिन 5 बसों में सुरक्षा मानकों और दस्तावेजों से जुड़ी कमियां पाई गईं, उनके संचालकों को खामियां दूर करने के बाद ही बस संचालन करने के निर्देश दिए गए।

शिविर के दौरान चालकों और परिचालकों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। जांच में 13 चालकों में रक्तचाप और शुगर संबंधी स्वास्थ्य समस्याएं पाई गईं, जिन्हें चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। यातायात पुलिस ने सभी स्कूल संचालकों को सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने की हिदायत दी है।