रेत माफिया का खूनी खेल: भाजपा नेता और शिक्षक को जिंदा जलाया, दो की मौत
कोरिया में रेत तस्करी विवाद ने ली दो जानें, फॉर्च्यूनर में जिंदा जले भाजपा नेता भरत सिंह

कोरिया जिले में रेत तस्करी और अवैध खनन के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। सोनहत थाना क्षेत्र के नौगई गांव में भाजपा के पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह और शिक्षक नागेंद्र सिंह की जिंदा जलने से मौत हो गई। घटना में दो अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें रायपुर रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार नौगई रेत घाट के संचालन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि देर रात कुछ लोगों ने भरत सिंह के घर के सामने उनकी फॉर्च्यूनर कार को घेर लिया। हमलावरों ने कार के सामने डंपर लगाकर रास्ता रोका और वाहन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।

उस समय कार में भरत सिंह, उनके भाई और शिक्षक नागेंद्र सिंह, रायपुर निवासी वीरू सिंह समेत चार लोग सवार थे। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें बाहर निकलने का मौका तक नहीं दिया। आग लगने से भरत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से झुलसे नागेंद्र सिंह ने अंबिकापुर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना में घायल वीरू सिंह और एक अन्य व्यक्ति को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
