पीएम स्वनिधि योजना के तहत भिलाई निगम ने लगाया विशेष शिविर, स्ट्रीट वेंडर्स के आवेदन भरे गए

भिलाई नगर। शासन के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री स्वनिधि (पीएम स्वनिधि) योजना के अंतर्गत नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा मंगलवार को फुटकर विक्रेताओं (स्ट्रीट वेंडर्स) के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पात्र हितग्राहियों को नगर निगम कार्यालय में आमंत्रित कर योजना का लाभ दिलाने के लिए उनके ऑनलाइन आवेदन भरवाए गए।

शिविर में बड़ी संख्या में स्ट्रीट वेंडर्स पहुंचे और योजना के प्रति उत्साह दिखाया। नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में निगम की टीम द्वारा अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजना से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। नोडल अधिकारी अनिल सिंह ने बताया कि सभी बैंकों के शाखा प्रबंधकों को पत्र भेजकर पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने तथा आवश्यक सहयोग देने का अनुरोध किया गया है।

योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए नगर निगम द्वारा मुनादी और अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए निगम क्षेत्र में लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक स्ट्रीट वेंडर्स को योजना से जोड़ना और उन्हें आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है। नगर पालिक निगम भिलाई ने बताया कि आगामी दिनों में भी ऐसे विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक पात्र हितग्राही पीएम स्वनिधि योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।
