पशु तस्करी मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 12 भैंस और दो वाहन जब्त

पशु तस्करी मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 12 भैंस और दो वाहन जब्त

बलरामपुर-रामानुजगंज। जिले में पशु तस्करी और अवैध पशु परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत राजपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि 12 भैंसों समेत एक पिकअप वाहन और एक ब्रेजा कार जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार 11 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग मवेशियों को क्रूरतापूर्वक पिकअप वाहन में भरकर उत्तर प्रदेश की ओर ले जा रहे हैं। सूचना पर राजपुर पुलिस ने ग्राम गोपालपुर के पास घेराबंदी कर पिकअप वाहन क्रमांक UP-65 QT-1375 को रोका।

जांच के दौरान वाहन में मवेशियों को अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरा हुआ पाया गया। मौके पर पुलिस ने पिकअप चालक अशोक गिरी, निवासी चकिया, जिला चंदौली (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया था, जबकि उसके अन्य साथी फरार हो गए थे। विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी मवेशियों को वध के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश ले जाने की तैयारी में थे। मामले में फरार आरोपी सलमान उर्फ सहजाद आलम (28 वर्ष) निवासी ग्राम विष्णुपुरा, महादेवपुर चौकी, थाना त्रिकुंडा, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज की लगातार तलाश की जा रही थी।

तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने सलमान को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पशु परिरक्षण अधिनियम 2024 की धारा 4, 6 एवं 10, पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(डी) तथा बीएनएस की धारा 3(5) के तहत थाना राजपुर में अपराध क्रमांक 147/2026 दर्ज कर जांच शुरू की है। अब तक की कार्रवाई में पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन, एक ब्रेजा कार और 12 भैंसों को जब्त किया है। जब्त पशुओं को सुरक्षित संरक्षण में रखा गया है। पुलिस शेष फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।