भिलाई में केनरा बैंक एटीएम में तोड़फोड़, दो युवक चिन्हांकित; पुलिस ने की कार्रवाई

भिलाई में केनरा बैंक एटीएम में तोड़फोड़, दो युवक चिन्हांकित; पुलिस ने की कार्रवाई

भिलाई। छावनी थाना पुलिस ने नंदनी रोड स्थित केनरा बैंक एटीएम के गेट में तोड़फोड़ करने वाले दो युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। दोनों आरोपियों को जमानत मुचलके पर रिहा करने के बाद प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत एसडीएम न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

पुलिस के अनुसार 13 जून को प्रगति नगर रिसाली निवासी अशोक कुमार जांगड़े ने थाना छावनी में शिकायत दर्ज कराई थी कि बेदी कॉम्प्लेक्स स्थित केनरा बैंक एटीएम के गेट में अज्ञात लोगों ने तोड़फोड़ की है। शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 388/2026 के तहत धारा 324(4) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दो संदिग्ध युवकों की पहचान की गई। पूछताछ में दोनों ने एटीएम के गेट में तोड़फोड़ करना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी शिवम कुमार (19 वर्ष) और रितिक कुमार सिंह (19 वर्ष), दोनों निवासी युवा अंकुश चौक छावनी, ने शरारतवश सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया था।

अपराध जमानतीय होने के कारण दोनों आरोपियों को जमानत पर रिहा कर दिया गया। साथ ही भविष्य में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए उनके खिलाफ धारा 126 और 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।