करंट लगने से महिला की मौत, कूलर में पानी भरते समय हुआ हादसा

जशपुर। जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत तारागढ़ में करंट लगने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला अपने घर में कूलर में पानी भर रही थी। इसी दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गई और गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने तत्काल महिला को करंट प्रवाहित कूलर से अलग किया और इलाज के लिए सिविल अस्पताल पत्थलगांव पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कूलर में विद्युत प्रवाह आने के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस और संबंधित विभाग यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि करंट किस वजह से फैला और दुर्घटना के पीछे कोई तकनीकी खराबी तो नहीं थी।