नेहरू नगर में लाखों की चोरी का खुलासा, अंतर्राज्यीय गिरोह के 6 आरोपी गिरफ्तार

नेहरू नगर में लाखों की चोरी का खुलासा, अंतर्राज्यीय गिरोह के 6 आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। नेहरू नगर पश्चिम स्थित एक सूने मकान में लाखों रुपये की चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का दुर्ग पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गए सोने, चांदी के आभूषण, नगदी, वाहन, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त औजार बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार नेहरू नगर पश्चिम निवासी विनय कुमार अग्रवाल ने थाना सुपेला में शिकायत दर्ज कराई थी कि 4 मई 2026 को वह परिवार सहित एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने घर में ताला लगाकर गए थे। अगले दिन लौटने पर मकान का ताला टूटा मिला और अलमारी से सोना, हीरा, चांदी के आभूषण तथा करीब 3.40 लाख रुपये नगद गायब थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान गठित विशेष टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी हारिम और मोहम्मद नासिर हुसैन अपने साथियों के साथ मिलकर पहले सूने मकानों की रेकी करते थे और फिर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने चोरी के आभूषण मेरठ के एक ज्वेलर्स को बेचने और चोरी की रकम आपस में बांटने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस टीम ने विभिन्न राज्यों में दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में हारिम, मोहम्मद नासिर हुसैन, मोहम्मद कासिम, सलीम, मोहम्मद बिलाल और दिन मोहम्मद शामिल हैं। सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के मेरठ और दिल्ली क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने, हीरे और चांदी के आभूषण, नगदी, जुपिटर और सेल्टोस वाहन, मोबाइल फोन तथा ताला तोड़ने के औजार जब्त किए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने आर्थिक लाभ के उद्देश्य से सूने मकानों की रेकी कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। मामले में आगे की जांच जारी है।

घटनास्थल :

क्वार्टर नंबर 05, ब्लॉक नंबर 47, नेहरू नगर पश्चिम, भिलाई, थाना सुपेला, जिला दुर्ग।

 आरोपी का नाम :

1. हारिम, निवासी मेरठ, उत्तरप्रदेश।

2. मोहम्मद नासिर हुसैन, निवासी नई दिल्ली।

3. मोहम्मद कासिम, निवासी मेरठ, उत्तरप्रदेश।

4. सलीम, निवासी मेरठ, उत्तरप्रदेश।

5. मोहम्मद बिलाल, निवासी मेरठ, उत्तरप्रदेश।

6. दिन मोहम्मद, निवासी मेरठ, उत्तरप्रदेश।