तीन माह तक राहगीरों की प्यास बुझाने वाली "दिशा" की प्याऊ सेवा का समापन
अंतिम दिन शीतल जल के साथ खिचड़ी-सब्जी का वितरण, सेवा भावना को मिला जनसहयोग

भिलाई। सामाजिक संस्था "दिशा" द्वारा फॉरेस्ट एवेन्यू स्थित एचआईजी-5 (हुडको के सामने) में 23 मार्च 2026 से संचालित प्याऊ सेवा अभियान का गुरुवार को उत्साह, आत्मीयता और सेवा भावना के साथ समापन किया गया। भीषण गर्मी और लू के बीच लगभग तीन माह तक चले इस अभियान के माध्यम से प्रतिदिन राहगीरों को शीतल पेयजल एवं अन्य शीतल पेय उपलब्ध कराए गए, जिससे हजारों लोगों को राहत मिली।

समापन अवसर पर संस्था के सदस्य अपने परिवारों सहित उपस्थित रहे और सेवा कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाई। अभियान के अंतिम दिन राहगीरों को शीतल जल के साथ गर्म खिचड़ी एवं सब्जी का भी वितरण किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं का प्रेरणादायी वातावरण देखने को मिला। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि अभियान की शुरुआत में यह कार्य चुनौतीपूर्ण प्रतीत हो रहा था, लेकिन सदस्यों, शुभचिंतकों, स्थानीय रहवासियों और आमजन के सहयोग, उत्साहवर्धन तथा आशीर्वाद से यह लगातार सफलतापूर्वक संचालित होता रहा। कई लोगों ने समय, श्रम और संसाधनों के माध्यम से इस सेवा अभियान को मजबूती प्रदान की।

समापन समारोह में सदस्यों ने अपने अनुभव साझा करते हुए भविष्य में भी जनहित और समाजोपयोगी कार्यों को इसी समर्पण भाव से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। उनका कहना था कि यह केवल जल सेवा का अभियान नहीं, बल्कि मानवता, करुणा और सामाजिक उत्तरदायित्व का जीवंत उदाहरण है। संस्था के सदस्यों ने समापन से एक दिन पूर्व हुई रिमझिम वर्षा को भी प्रकृति के आशीर्वाद के रूप में देखा। उनका मानना था कि मानो इंद्र देव ने इस पुनीत सेवा अभियान की सफलता पर अपनी सहमति और शुभकामनाएं प्रदान की हों। कार्यक्रम में रामानुजन राजू, सुजीत चक्रवर्ती, राजेश धारकर, भास्कर देवनाथ, जी.एस. संधू, बापी दास, जवाहर, प्रदीप दास, शांतनु दासगुप्ता, शैलेश दशोरे, मनोज ठक्कर, देबाशीष मजूमदार, उत्तम डे, अंजन रॉयचौधरी, अजय दुबे, नरसिम्हा राव, मोहन गिरी, दुष्यंत तिवारी, विजय धवारकर एवं संदीप पडवाल सहित महिला सदस्य सुनीता मजूमदार, कल्पना चक्रवर्ती, रीता दास, झरना रानी राय, डॉ. ज्योति धारकर, नीलांजना दासगुप्ता, चित्रा दास तथा आशा गिरी उपस्थित थीं। अंत में संस्था "दिशा" ने अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी नागरिकों, शुभचिंतकों और सेवाभावियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
