जेके लक्ष्मी सीमेंट में विश्व पर्यावरण दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, कर्मचारियों और बच्चों ने लिया हिस्सा

जेके लक्ष्मी सीमेंट में विश्व पर्यावरण दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, कर्मचारियों और बच्चों ने लिया हिस्सा

भिलाई। जेके लक्ष्मी सीमेंट लिमिटेड द्वारा 5 जून 2026 को संयंत्र परिसर में विश्व पर्यावरण दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर कर्मचारियों, श्रमिकों एवं बच्चों के लिए चित्रकला, स्लोगन लेखन तथा ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। साथ ही नुक्कड़ नाटक के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि कारखाना प्रमुख राजपाल सिंह द्वारा पुरस्कृत किया गया। इस दौरान उन्होंने विश्व पर्यावरण दिवस 2026 की थीम "प्रकृति से प्रेरित, जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए" पर प्रकाश डालते हुए पर्यावरण संरक्षण के महत्व को रेखांकित किया।

कार्यक्रम के दौरान राजपाल सिंह ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने उपस्थित कर्मचारियों एवं श्रमिकों को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और धरती माता को हरा-भरा बनाने की अपील की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पर्यावरण विभाग प्रमुख अवनीश चौहान ने की। इस अवसर पर संयंत्र के विभिन्न विभागों के कर्मचारी एवं श्रमिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।