पर्यावरण संरक्षण सबसे बड़ा परमधर्म : आशा दीदी
विश्व पर्यावरण दिवस पर ब्रह्माकुमारीज ने किया पर्यावरण प्रहरीयों का सम्मान

भिलाई, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा सेक्टर-7 स्थित पीस ऑडिटोरियम में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भिलाई सेवा केंद्रों की निदेशिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी आशा दीदी ने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा हमारा श्रेष्ठ और सबसे बड़ा परमधर्म है।

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार लोग अपने धन का निवेश बैंक, म्यूचुअल फंड और अन्य योजनाओं में करते हैं, उसी प्रकार आज की परिस्थितियों में पर्यावरण में निवेश करना भी आवश्यक हो गया है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, उनकी देखभाल करने और नियमित रूप से पानी देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केवल एसी और कूलर लगाना गर्मी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं है, बल्कि व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण ही धरती और मानवता के भविष्य को सुरक्षित बना सकता है। बीके आशा दीदी ने कहा कि पर्यावरण को शुद्ध और सकारात्मक बनाए रखने के लिए केवल बाहरी प्रयास ही नहीं, बल्कि मन में भी श्रेष्ठ और शुद्ध संकल्पों का निर्माण आवश्यक है। जब विचार सकारात्मक होंगे तो प्रकृति भी मानव जीवन की सहयोगी बनेगी।

कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों का सम्मान भी किया गया। पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी नरेंद्र सिंह पटेल को स्कूल शिक्षा विभाग के सहयोग से जिले के 65 स्कूलों में लगभग 5000 पौधों के रोपण और उनके संरक्षण के लिए सम्मानित किया गया। आज ये पौधे विकसित होकर वृक्ष का रूप ले चुके हैं। पर्यावरण, पशु और पक्षी संरक्षण के क्षेत्र में कार्यरत गणेशराम सुथार को भी सम्मानित किया गया। उन्होंने पक्षियों के संरक्षण के लिए एक विशेष बहु-स्तरीय पक्षी आवास टॉवर का निर्माण कराया है, जिसमें वर्तमान में लगभग 700 से अधिक पक्षियों को सुरक्षित आश्रय प्राप्त है।

इसके अलावा, पिछले नौ वर्षों से बीमार, घायल, दुर्घटनाग्रस्त और बेसहारा पशुओं के बचाव एवं उपचार के लिए कार्य कर रही संस्था छत्तीसगढ़ एनिमल सेवियर तथा "एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी)" कार्यक्रम के संचालन में योगदान के लिए डॉ. अंजली सिंह का सम्मान किया गया। कार्यक्रम के दौरान डिवाइन ग्रुप के बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित आकर्षक नृत्य-नाटिका प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को जागरूकता का संदेश दिया। इस अवसर पर भिलाई इस्पात संयंत्र के कार्यपालक निदेशक (एचआर) पवन कुमार ने ब्रह्माकुमारी संस्था के सामाजिक और आध्यात्मिक कार्यों की सराहना करते हुए अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में डॉ. राखी रॉय, डॉ. नरेंद्र पटेल, स्वच्छता ही सेवा समिति के अध्यक्ष प्रेमचंद साहू, वरिष्ठ पत्रकार अरविंद सिंह तथा बड़ी संख्या में पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।