मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के विद्यार्थियों को वितरित किए गए प्रमाण पत्र

दुर्ग। एस.आर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, चिखली दुर्ग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के वर्ष 2025-26 बैच के जनरल ड्यूटी असिस्टेंट (जीडीए) पाठ्यक्रम के सफल विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर आयोजित समारोह में विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. के.के. जैन एवं विशेष अतिथि न्यू प्रेस क्लब ऑफ भिलाई के अध्यक्ष अनिल गुप्ता थे। वहीं वरिष्ठ पत्रकार रमेश गुप्ता, वरिष्ठ पत्रकार डॉ. कमल किशोर शर्मा तथा समाजसेवी विष्णु पाठक भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात संस्था के चेयरमैन संजय तिवारी द्वारा अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। अपने संबोधन में संजय तिवारी ने विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर बधाई देते हुए कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य प्रदेशवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा युवाओं को चिकित्सा क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि एस.आर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में डी. फार्मेसी, पैरामेडिकल टेक्नीशियन कोर्स एवं शासन से मान्यता प्राप्त मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के विभिन्न पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि एस.आर ग्रुप द्वारा प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद सैकड़ों विद्यार्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं।

मुख्य अतिथि डॉ. के.के. जैन ने कहा कि कौशल आधारित प्रशिक्षण आज के समय की आवश्यकता है और इससे युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होते हैं। विशेष अतिथि अनिल गुप्ता ने कहा कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एस.आर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर का योगदान सराहनीय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत प्राप्त प्रशिक्षण विद्यार्थियों के करियर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

वरिष्ठ पत्रकार रमेश गुप्ता, डॉ. कमल किशोर शर्मा एवं समाजसेवी विष्णु पाठक ने भी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में अस्पताल के मैनेजिंग डायरेक्टर जे.एन. पाण्डेय, अरविंद खैरवार, विनीता आंचला, नेहा ठाकुर, फनीस साहू, लीना वर्मा, ज्योति दास, शीतल सिन्हा सहित अस्पताल के अन्य कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में अरविंद खैरवार ने आभार व्यक्त किया।