हैदराबाद ऑनलाइन आईपीएल सट्टा कनेक्शन में पुलिस की कार्रवाई, भिलाई में पकड़ा गया एक युवक

हैदराबाद ऑनलाइन आईपीएल सट्टा कनेक्शन में पुलिस की कार्रवाई, भिलाई में पकड़ा गया एक युवक

भिलाई। पुलिस ने हैदराबाद में संचालित ऑनलाइन आईपीएल सट्टा पैनल मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। छावनी थाना और एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई में पकड़ा गया आरोपी सट्टा संचालन के लिए म्यूल अकाउंट उपलब्ध कराने का काम करता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनसे पैसों के ट्रांजेक्शन और बैंक खातों से जुड़ी अहम जानकारी मिली है।

पुलिस के मुताबिक 16 मई 2026 को छावनी थाना और एसीसीयू की टीम ने हैदराबाद में संचालित ऑनलाइन आईपीएल क्रिकेट सट्टा नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उस दौरान लैपटॉप, नगदी रकम, बैंक दस्तावेज, एटीएम कार्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामग्री जब्त की गई थी। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।

मामले की आगे की जांच और तकनीकी विश्लेषण के दौरान पुलिस को पता चला कि सट्टा संचालन के लिए अलग-अलग लोगों को पैसों का लालच देकर उनके बैंक खाते, एटीएम कार्ड, सीम कार्ड और चेकबुक हासिल किए जाते थे। इन्हीं खातों के जरिए करोड़ों रुपये के ऑनलाइन लेनदेन को अंजाम दिया जाता था।

जांच के दौरान मोबाइल कॉल डिटेल और डिजिटल ट्रांजेक्शन एनालिसिस के आधार पर अमानउद्दीन उर्फ अमन की भूमिका सामने आई। पुलिस के अनुसार आरोपी म्यूल अकाउंट उपलब्ध कराने का काम कर रहा था और अवैध सट्टा नेटवर्क को बैंकिंग माध्यम मुहैया करा रहा था।

पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के बाद उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। मोबाइल की जांच में पैसों के लेनदेन और विभिन्न बैंक खातों से संबंधित जानकारी मिली, जिसके बाद आरोपी को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। अदालत के आदेश पर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस मामले में थाना छावनी में अपराध क्रमांक 320/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमानउद्दीन उर्फ अमन निवासी कैम्प-2, चटाई क्वार्टर, भिलाई के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी से दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं और मामले में आगे की जांच जारी है।