पेट्रोल-डीजल फिर महंगा, गाड़ी चलाना अब कितना महंगा पड़ेगा, जानिए नए रेट

नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और ऊर्जा की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी का असर अब भारत में भी दिखाई देने लगा है। देश की तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक साथ तीन-तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है। इससे आम लोगों की जेब पर सीधा असर पड़ने वाला है।

नई दरों के मुताबिक राजधानी दिल्ली में अब एक लीटर पेट्रोल की कीमत 97.77 रुपये पहुंच गई है। वहीं डीजल के दाम बढ़कर 90.67 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं।

बताया जा रहा है कि वैश्विक बाजार में ऊर्जा कीमतों में आई तेजी के कारण तेल कंपनियों की लागत बढ़ी है। इसी बढ़ते बोझ को कंपनियों ने अब ग्राहकों पर डाल दिया है। ऐसे में वाहन चालकों को अब ईंधन भरवाने के लिए पहले से ज्यादा खर्च करना पड़ेगा।
गौरतलब है कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में आखिरी बार अप्रैल 2022 में बढ़ोतरी की गई थी। करीब दो साल बाद हुई इस वृद्धि से परिवहन खर्च बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है, जिसका असर रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ सकता है।
