सूने मकानों में चोरी करने वाले एक नाबालिग सहित 7 गिरफ्तार, 5 लाख का सामान बरामद

सूने मकानों में चोरी करने वाले एक नाबालिग सहित 7 गिरफ्तार, 5 लाख का सामान बरामद

भिलाई। दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र में सूने मकानों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जामुल पुलिस और एसीसीयू टीम की संयुक्त कार्रवाई में अंतरजिला चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी समेत 6 आरोपियों और एक विधि विरुद्ध बालक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, नगदी, घरेलू सामान, मोबाइल फोन और चोरी में इस्तेमाल एक्टिवा वाहन बरामद किया गया है।

पुलिस के मुताबिक गिरोह बंद मकानों की रेकी कर चोरी की वारदात को अंजाम देता था। आरोपी पहले इलाके की निगरानी करते थे और जब घर खाली मिलता था तो दरवाजा और लॉकर तोड़कर जेवर, नकदी और कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाते थे। मामले का खुलासा तब हुआ जब हाउसिंग बोर्ड भिलाई निवासी सिम्मी अहिरवार ने शिकायत दर्ज कराई कि 13 अप्रैल 2026 की रात अज्ञात चोर उनके सूने मकान का दरवाजा तोड़कर नगदी और चांदी के सामान चोरी कर ले गए। इसके बाद देव सिंह थापा ने भी रिपोर्ट दर्ज कराई कि परिवार सहित विवाह समारोह में बाहर जाने के दौरान उनके घर का ताला और लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के जेवर, नगदी और घरेलू सामान चोरी कर लिया गया।

घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान आदतन आरोपी अर्जुन सिंह उर्फ गोरखा उर्फ सुखविन्द्रर उर्फ सरदार को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने की अंगूठी, हार, लॉकेट, कान की बाली, चांदी की पायल, बिछिया, कड़ा, चेन, सिक्का, चांदी का लोटा, एलसीडी टीवी और अन्य सामान बरामद किया। चोरी के पैसों से खरीदे गए वीवो कंपनी के दो मोबाइल फोन भी जप्त किए गए हैं। घटना में इस्तेमाल एक्टिवा क्रमांक CG 04 DG 9853 और दरवाजा तोड़ने में प्रयुक्त औजार भी पुलिस ने जब्त कर लिए हैं। बरामद मशरूका की कुल कीमत लगभग 5 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले से चोरी, मारपीट और आर्म्स एक्ट के मामलों में संलिप्त रहे हैं। फिलहाल सभी आरोपियों से अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

आरोपी का विवरण :

1. अर्जुन सिंह उर्फ गोरखा उर्फ सुखविन्द्रर उर्फ सरदार, उम्र 25 वर्ष, निवासी जवाहर नगर बाम्बे आवास, वैशाली नगर, जिला दुर्ग।
2. सोनू सरदार उर्फ पुच्ची उर्फ हर्ष, उम्र 19 वर्ष, निवासी जवाहर नगर बाम्बे आवास, वैशाली नगर, जिला दुर्ग।
3. तोप सिंह बंजारे, उम्र 30 वर्ष, निवासी जवाहर नगर बाम्बे आवास, वैशाली नगर, जिला दुर्ग।
4. शेख रशीद, उम्र 29 वर्ष, निवासी शारदा पारा कैंप-2 भिलाई, जिला दुर्ग।
5. हेमा जांगड़े, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम मदनपुर थाना नवागढ़ जिला बेमेतरा, वर्तमान पता विज्ञान केंद्र के पास सड्डू रायपुर।
6. रूबी कौर, उम्र 32 वर्ष, निवासी हाउसिंग बोर्ड जवाहर नगर वैशाली नगर, जिला दुर्ग।
7. एक विधि विरुद्ध बालक।