बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के PSO की गोली मारकर हत्या

पीछा कर बदमाशों ने बरसाईं गोलियां, फर्जी नंबर प्लेट वाली कार से पहुंचे हमलावर

बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के PSO की गोली मारकर हत्या

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के मध्यग्राम में भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के पीएसओ चंद्रनाथ रथ की बुधवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने पहले उनकी कार का पीछा किया और फिर दोहारिया इलाके में रास्ता रोककर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

बताया जा रहा है कि बदमाशों ने चार राउंड फायरिंग की, जिनमें से तीन गोलियां चंद्रनाथ रथ के सीने में लगीं। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कार चालक भी गोली लगने से घायल हुआ है।

पुलिस के मुताबिक, वारदात को बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया। एक अज्ञात कार ने बीच सड़क पर उनकी गाड़ी को रोका, तभी बिना नंबर प्लेट की बाइक पर पहुंचे हमलावर ने बेहद करीब से गोलियां चला दीं।

जांच में सामने आया है कि हमलावरों की कार पर लगी नंबर प्लेट फर्जी थी। इतना ही नहीं, कार का चेसिस नंबर भी मिटा दिया गया था, जिससे पुलिस को जांच में परेशानी हो रही है। शुरुआती जांच में पता चला है कि नंबर प्लेट सिलिगुड़ी के एक व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड है। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।