धमतरी पुलिस का बड़ा प्रहार: 24 घंटे में 92 किलो से ज्यादा गांजा जब्त, 3 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

धमतरी। जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में धमतरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। महज 24 घंटे के भीतर दो बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 92.770 किलोग्राम गांजा जब्त कर अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क को तोड़ दिया है।

ताजा कार्रवाई में सांकरा चेक पोस्ट पर पुलिस ने 37.800 किलोग्राम गांजा के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 18 लाख 90 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस के मुताबिक मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद महिंद्रा TUV 300 वाहन में सवार तीन लोग ओडिशा से गांजा लेकर धमतरी की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर सांकरा नाके पर सघन चेकिंग के दौरान वाहन को रोका गया। तलाशी लेने पर डिक्की में छिपाकर रखे गए 44 पैकेट गांजा बरामद हुए।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा के भवानीपटना से गांजा खरीदकर महाराष्ट्र के नासिक ले जा रहे थे। पुलिस ने गांजा के साथ वाहन, 4 मोबाइल फोन समेत कुल 25 लाख 30 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों में अजय जाधव, मनोहर कांबले और अंतावन पगारे शामिल हैं, जो महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। तीनों के खिलाफ सिहावा थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। खास बात यह है कि इससे एक दिन पहले भी इसी सांकरा चेक पोस्ट पर पुलिस ने 54.970 किलोग्राम गांजा जब्त किया था। लगातार हो रही कार्रवाई से साफ है कि पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार किया है।
गिरफ्तार आरोपीगण का विवरण:-
(01) अजय नंदू जाधव पिता नंदू जाधव,उम्र 27 वर्ष,साकिन राजनगांव,14 चारी रोड राहता,थाना राहता, जिला अहमद नगर महाराष्ट्र
(02) मनोहर बालाजी कांबले पिता बालाजी कांबले,उम्र 35 वर्ष साकिन नगर देवी मंदिर परिसर शिंदे नासिक,थाना नासिक रोड़,जिला नासिक, महाराष्ट्र
(03) अंतावन राजू पगारे पिता,राजू सयाजी पगारे, उम्र 19 वर्ष, साकिन गौतम नगर राहता,थाना राहता, जिला अहमद नगर महाराष्ट्र

