दुर्ग में दवा दुकानों पर सख्ती, 3 मेडिकल स्टोर पर गड़बड़ी, नोटिस जारी

दुर्ग। राज्य सरकार के निर्देश पर चल रहे “सही दवा-शुद्ध आहार” अभियान के तहत दुर्ग जिले में दवा दुकानों की सघन जांच जारी है। 11 मई 2026 तक चलने वाले इस 15 दिवसीय अभियान में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है।

अभियान के तीसरे चरण में खास तौर पर स्वापक और मनःप्रभावी दवाओं की जांच पर फोकस किया गया। इसी क्रम में 5 मई को जिले के 6 फुटकर दवा विक्रेताओं का निरीक्षण किया गया। इनमें जलाराम मेडिकोज (शंकर नगर), जलाराम मेडिकल (मोतिपारा), अमित मेडिकल (रेलवे स्टेशन रोड), श्री राम मेडिकल (उतई), महिमा मेडिकल (उतई) और मेडप्लस फार्मेसी (सुपेला) शामिल हैं।

जांच के दौरान इन दुकानों के क्रय-विक्रय से जुड़े दस्तावेजों का मिलान किया गया और संवेदनशील दवाओं के स्टॉक की बारीकी से जांच की गई। इस कार्रवाई में 3 दुकानों में अनियमितताएं सामने आईं, जिसके बाद संबंधित फर्मों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। अधिकारियों ने सभी मेडिकल स्टोर संचालकों को साफ निर्देश दिए हैं कि वे औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 और नियम 1945 का सख्ती से पालन करें। विभाग का कहना है कि अभियान के दौरान आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि दवा वितरण प्रणाली पारदर्शी और सुरक्षित बनी रहे।

