हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाला युवक गिरफ्तार

भिलाई। वैशाली नगर थाना क्षेत्र में राहगीरों को धारदार हथियार दिखाकर डराने-धमकाने वाले एक युवक को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से हथियार जब्त कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार 30 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली कि जवाहर नगर रामलू चौक के पास एक युवक हाथ में धारदार हथियार लेकर लोगों को भयभीत कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की।

पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन उसे तुरंत पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रवि विश्वकर्मा (20 वर्ष), निवासी खुर्सीपार गौतम नगर सन्यासी गली, बताया। उसके पास से एक धारदार हथियार बरामद किया गया। मामले में धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट में प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।


