दुर्ग में अंधे कत्ल का खुलासा: नाबालिग समेत महिला गिरफ्तार, पत्थर से कुचलकर की गई थी हत्या

दुर्ग। पुलगांव थाना क्षेत्र की जेवरा सिरसा चौकी में दर्ज अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मामले में एक नाबालिग अपचारी बालक और साक्ष्य मिटाने में शामिल एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। हत्या में इस्तेमाल किए गए पत्थर समेत अन्य साक्ष्य भी बरामद किए गए हैं।

मामला 26 अप्रैल 2026 का है, जब ग्राम करहीडीही निवासी महेंद्र कुमार निषाद ने सूचना दी कि रामनारायण निषाद उर्फ नारायण का शव दुर्गा मंच के पीछे खेत में संदिग्ध हालत में पड़ा है। सिर पर गंभीर चोट के निशान मिलने पर पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें हत्या की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान घटनास्थल निरीक्षण, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर 16 वर्षीय नाबालिग को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर हत्या करना कबूल किया। सामने आया कि मृतक से पुराना विवाद था और उसी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, 25 अप्रैल की रात मृतक नशे की हालत में था। इसी का फायदा उठाकर आरोपियों ने पहले मारपीट की, फिर गमछे से पैर बांधकर घसीटते हुए खेत तक ले गए और पत्थरों से कुचलकर हत्या कर दी। जांच में यह भी सामने आया कि सावित्री निषाद (40 वर्ष) ने साक्ष्य मिटाने के लिए खून से सने कपड़े और जूते जला दिए। इस आधार पर उसे भी गिरफ्तार किया गया है। मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पत्थर, जले हुए कपड़े और अन्य भौतिक साक्ष्य जब्त कर लिए हैं। पूरे मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

