जन्मदिन पार्टी में शराब के पैसे को लेकर बवाल, बीयर बोतल से हमला, 2 आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

भिलाई नगर। सेक्टर-07 मार्केट के पास जन्मदिन का जश्न उस वक्त हिंसा में बदल गया, जब शराब के लिए पैसे मांगने को लेकर विवाद हो गया। पैसे देने से मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौच शुरू कर दी और फिर बीयर की बोतल से हमला कर युवक को घायल कर दिया।

घटना 20 अप्रैल 2026 की है, जब पीड़ित अपने दोस्तों के साथ मैदान में जन्मदिन मना रहा था। इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगे। इनकार करने पर आरोपियों ने एकजुट होकर पहले धमकी दी और फिर बीयर की बोतल से हमला कर दिया। हमले में युवक को चोट आई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही भिलाई नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों, डी. अजय और एस. विजय को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में इस्तेमाल की गई बीयर की टूटी बोतल भी जब्त कर ली गई है।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। वहीं तीसरा आरोपी ए. मयंक फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच जारी है और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

