सेक्टर-6 HSCL कॉलोनी में बदहाल व्यवस्था, कांग्रेसियों ने प्रबंधन को घेरा


भिलाई। सेक्टर-6 स्थित HSCL कॉलोनी में लंबे समय से चल रही मूलभूत समस्याओं को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी क्रमांक 4 के पदाधिकारियों, पार्षद और स्थानीय रहवासियों ने प्रबंधन से मुलाकात कर नाराजगी जताई और जल्द समाधान की मांग रखी।

प्रतिनिधिमंडल ने साफ किया कि कॉलोनी में पीने के स्वच्छ पानी की कमी, सीवरेज लाइन जाम और क्वार्टर के बैक लाइन की सफाई जैसी समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं, जिससे करीब 2000 रहवासी प्रभावित हो रहे हैं।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सौरभ दत्ता ने कहा कि मूलभूत सुविधाओं के अभाव में आम नागरिक परेशान हैं और स्थिति लगातार बिगड़ रही है। वहीं पार्षद एवं एमआईसी सदस्य साकेत चंद्राकर ने बताया कि हाल ही में कॉलोनी में तीन लोगों के पीलिया से ग्रसित होने के मामले सामने आए हैं, जो स्थिति की गंभीरता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि इन समस्याओं के समाधान के लिए मानव संसाधन हेड नवीन दीवान और टाउन हेड अजय तिवारी से चर्चा की गई है और जल्द कार्रवाई का आश्वासन मिला है। साथ ही यह भी कहा गया कि नगर निगम भिलाई द्वारा कॉलोनी में सड़क, नाली, मंच, गार्डन और वाटर एटीएम जैसी सुविधाएं पहले ही उपलब्ध कराई जा चुकी हैं, अब प्रबंधन को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो कॉलोनीवासी उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
इस दौरान मंडल अध्यक्ष राहुल शर्मा, अजय यादव, अफरोज खान, बी.एम. सिंह, ए.जे. कुरैशी, सत्यनारायण गुप्ता, डी.पी. सिंह, सतीश सोनकर, आकाश हांडे, अनिल तिवारी, रंजीत पासवान, गजेंद्र वर्मा, धर्मेंद्र सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
