भीषण गर्मी में राहत का ठिकाना बना ‘दिशा’ का प्याऊ, शीतल जल और छाछ से राहगीरों को मिल रहा सुकून

भीषण गर्मी में राहत का ठिकाना बना ‘दिशा’ का प्याऊ, शीतल जल और छाछ से राहगीरों को मिल रहा सुकून

भिलाई। शहर में लगातार बढ़ते तापमान के बीच जहां दोपहर की तपती धूप लोगों के लिए चुनौती बन रही है, वहीं फॉरेस्ट एवेन्यू (HIG-5, हुडको के सामने) स्थित संस्था “दिशा” द्वारा संचालित प्याऊ राहगीरों के लिए राहत का प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है। यहां उपलब्ध शीतल जल, छाछ और पारंपरिक पेय पदार्थ राह चलते लोगों को गर्मी से तात्कालिक सुकून प्रदान कर रहे हैं।

संस्था द्वारा इस प्याऊ में प्रतिदिन सेवा भाव से शीतल जल के साथ-साथ मठ्ठा, जलजीरा, छाछ, लस्सी, सत्तू एवं बताशे का वितरण किया जा रहा है। दोपहर के समय जब तापमान अपने चरम पर पहुंच जाता है, तब यहां रुककर राहगीर कुछ पल विश्राम करते हुए राहत का अनुभव करते हैं और इस पहल की सराहना करते नजर आते हैं।

इस सेवा कार्य की विशेषता यह है कि इसमें केवल संस्था के सदस्य ही नहीं, बल्कि महिला सदस्य, उनके परिवारजन, मित्रगण तथा स्थानीय नागरिक भी सक्रिय रूप से सहभागिता निभा रहे हैं। सभी लोग समर्पण और आत्मीयता के साथ सेवा में जुटे हुए हैं, जिससे यह प्याऊ सामाजिक सहयोग और मानवीय संवेदनाओं का प्रेरक उदाहरण बन गया है।

इस अवसर पर आज हुडको वार्ड पार्षद एवं एम.आई.सी. सदस्य सीजू एंथोनी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने संस्था के इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया और भविष्य में भी ऐसे कार्यों को निरंतर जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया।