मोबाइल से सट्टा चला रहा आरोपी गिरफ्तार, पुरानी भिलाई में दुर्ग पुलिस की कार्रवाई

भिलाई। जुआ और सट्टा पर लगातार कार्रवाई करते हुए दुर्ग पुलिस ने पुरानी भिलाई क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। मोबाइल के जरिए सट्टा चला रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, वहीं मौके से एक अन्य व्यक्ति को सट्टा खेलते रंगे हाथ पकड़ा गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 4 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पुरानी भिलाई स्टेडियम के अंदर सीढ़ियों के पास एक व्यक्ति मोबाइल के माध्यम से सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और कार्रवाई को अंजाम दिया।

जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल में सट्टा अंकों का लेनदेन पाया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 12 हजार रुपये नगद और एक ड्यूल सिम मोबाइल फोन जब्त किया है। मौके पर मौजूद एक अन्य व्यक्ति को भी सट्टा खेलते हुए गिरफ्तार किया गया।
इस मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 07 के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
आरोपी:
गुलाब चंद (37 वर्ष), निवासी नेहरू नगर, भिलाई-03
दिनेश कुमार सिन्हा (50 वर्ष), निवासी पदुमनगर, भिलाई-03
