छत्तीसगढ़ में अफीम की अवैध खेती का जाल, दुर्ग के बाद बलरामपुर में खुलासा

छत्तीसगढ़ में अफीम की अवैध खेती का जाल, दुर्ग के बाद बलरामपुर में खुलासा

छत्तीसगढ़ में अवैध अफीम की खेती का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। दुर्ग जिले के समोदा गांव में करोड़ों की अफीम की फसल मिलने के बाद अब बलरामपुर जिले में भी इसी तरह का मामला सामने आया है।

दुर्ग के समोदा गांव में करीब 7 करोड़ 88 लाख रुपए की अवैध अफीम की फसल तैयार की जा रही थी। मामले का खुलासा होने के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खेत में खड़ी पूरी फसल की कटाई शुरू करवा दी है।

इसी बीच बलरामपुर जिले के कुसमी थाना क्षेत्र के त्रिपुरी गांव में भी अफीम की अवैध खेती का भंडाफोड़ हुआ है। यहां करीब दो एकड़ जमीन पर अफीम की खेती किए जाने की जानकारी सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक एक आदिवासी की जमीन को लीज पर लेकर झारखंड का एक व्यक्ति अफीम की खेती कर रहा था।

फिलहाल प्रशासन पूरे नेटवर्क की जांच में जुटा है और इसमें शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।