मोरिद गांव में आग का कहर: पैरावट में लगी आग से 7 घर जले, दमकल ने दो सिलेंडर निकालकर बड़ा हादसा टाला


दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र के ग्राम मोरिद में शनिवार दोपहर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। खेत में रखे पैरावट में आग लगने के बाद लपटें तेजी से फैलते हुए पास में बने सात घरों तक पहुंच गईं। आग की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत दुर्ग अग्निशमन कार्यालय को जानकारी दी।

सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हुई। जब तक दमकल पहुंची, तब तक आग खेत से होते हुए ईंट भट्ठे की ओर बने घरों तक फैल चुकी थी। स्थिति गंभीर देखते हुए दमकल कर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की।

अग्निशमन कर्मियों ने जलते घरों के भीतर घुसकर दो भरे हुए गैस सिलेंडर सुरक्षित बाहर निकाले। इसके बाद दमकल की दो गाड़ियों के पानी की मदद से आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक घरों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो चुका था।

बताया जा रहा है कि आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
इस कार्रवाई में अग्निशमन दल प्रभारी महेंद्र चंदेल के साथ कर्मचारी धर्मेंद्र साहू, शशांक और मनीष शामिल रहे। दमकल टीम की समय पर कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया और आसपास के इलाकों को सुरक्षित बचा लिया गया।