युवती से गाली-गलौज और मारपीट का आरोपी गिरफ्तार, घटना के बाद से था फरार

दुर्ग। उरला क्षेत्र में युवती के साथ गाली-गलौज, मारपीट और छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवम चन्द्राकर, उम्र 26 वर्ष, निवासी उरला राम नगर, दुर्ग के रूप में हुई है।

मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। प्रार्थिया ने 26 जनवरी 2026 को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार 25 जनवरी की रात करीब 10:30 बजे आरोपी उसके घर के बाहर पहुंचा और नाम लेकर अश्लील गालियां देने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने मारपीट की और जान से मारने व दुष्कर्म की धमकी दी।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 49/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी घटना के बाद से फरार था। लगातार पतासाजी के बाद 11 फरवरी को उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।