31 लाख रुपए फर्जीवाड़े का खुलासा, HDFC बैंक के 6 कर्मचारी गिरफ्तार

31 लाख रुपए फर्जीवाड़े का खुलासा,  HDFC बैंक के 6 कर्मचारी गिरफ्तार

बिलाईगढ़। जिले के बहुचर्चित रायकोना ठगी कांड में सरसीवां पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंकिंग सिस्टम के भीतर चल रहे गंभीर फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया है। इस मामले में एचडीएफसी बैंक के 6 कर्मचारियों की गिरफ्तारी से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

पुलिस के अनुसार, कुख्यात महाठग शिवा साहू के होल्ड खाते से करीब 10 लाख रुपये और उसकी कथित मंगेतर रितु साहू के खाते से लगभग 21 लाख रुपये की अवैध निकासी की गई। आरोप है कि यह रकम बैंक के नियमों को दरकिनार करते हुए फर्जी लेटरपैड और दस्तावेजों के जरिए निकाली गई, जिसमें बैंक कर्मचारियों की मिलीभगत सामने आई है। मामले की गहन जांच में बैंक स्टाफ की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर सरसीवां पुलिस ने कार्रवाई की। एचडीएफसी बैंक सारंगढ़ शाखा से अभिषेक जायसवाल, दिनेश अनंत और पूजा मानिकपुरी को गिरफ्तार किया गया है। वहीं बिलाईगढ़ शाखा से टीकाराम साहू, हनुमंत राव टंडन और प्रमोद देवांगन को हिरासत में लिया गया है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दोनों शाखाओं के प्रबंधकों की भूमिका भी संदेह के घेरे में है। उनसे जुड़े दस्तावेजों और लेन-देन की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां संभव हैं। गौरतलब है कि इस ठगी कांड का मुख्य आरोपी शिवा साहू फिलहाल जमानत पर बाहर है, लेकिन उसके बैंक खातों से हुई अवैध निकासी ने संगठित बैंकिंग फर्जीवाड़े की ओर इशारा किया है।