ड्यूटी से लौट रहे पुलिस आरक्षक से शराब अहाते में मारपीट और लूट

ड्यूटी से लौट रहे पुलिस आरक्षक से शराब अहाते में मारपीट और लूट

भिलाई। जिले के थाना सुपेला अंतर्गत चौकी स्मृति नगर क्षेत्र में शराब अहाते के संचालक और उसके साथियों द्वारा ड्यूटी से लौट रहे पुलिस आरक्षक से मारपीट और लूट का गंभीर मामला सामने आया है। घटना 15 दिसंबर की रात करीब 9:30 बजे की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी पुलिस आरक्षक मोहम्मद कैफ (23 वर्ष), पिता नासीर खान, निवासी हरिनगर कातुल बोर्ड, दुर्ग ड्यूटी समाप्त कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान प्रथम बटालियन भिलाई गेट के सामने स्थित देशी-अंग्रेजी शराब भट्टी के पास बाथरूम जाने के लिए रुके। इसी बात को लेकर अहाते के संचालक करण सिंह और उसके साथियों ने आपत्ति जताते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।

आरोप है कि इसके बाद करण सिंह ने स्टील के पाइप से और उसके साथियों ने लकड़ी की बल्लियों से आरक्षक कैफ के साथ मारपीट की। मारपीट के दौरान उनकी जेब में रखे 2500 रुपए भी जबरन निकाल लिए गए। घटना में आरक्षक के सिर और बाएं कंधे में चोट आई है।

घटना के बाद आरक्षक ने अपने दोस्तों विनोद सिंह और शेख शुहेल को सूचना दी। दोनों उन्हें लेकर चौकी स्मृति नगर पहुंचे, जहां पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आगे की जांच जारी है।