शिवनाथ नदी तट पर SDRF और DDRF का संयुक्त मॉक ड्रिल, रेस्क्यू ऑपरेशनों का किया गया लाइव प्रदर्शन

बेमेबरा के शिवनाथ नदी तट अमोरा घाट पर SDRF और DDRF ने संयुक्त मॉक ड्रिल कर बाढ़ रेस्क्यू, डीप डाइविंग और प्राथमिक उपचार का प्रदर्शन किया। कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक रहे मौजूद।

दुर्ग। दुर्ग संभाग के शिवनाथ नदी तट, अमोरा घाट में गुरुवार को एस.डी.आर.एफ. दुर्ग और डी.डी.आर.एफ. बेमेतरा की टीमों ने एक संयुक्त मॉक ड्रिल का आयोजन किया। इस अभ्यास के दौरान कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और आपदा प्रबंधन की तैयारियों का जायजा लिया। इस संयुक्त मॉक ड्रिल के जरिए आपदा से निपटने की टीमों की तैयारी, दक्षता और समन्वय को परखा गया। अधिकारियों ने इस प्रयास की सराहना की और कहा कि इस तरह के अभ्यास न केवल टीमों की क्षमता को बढ़ाते हैं बल्कि आम लोगों को भी जागरूक करते हैं।

जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी नागेन्द्र कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अभ्यास में विभिन्न वास्तविक परिस्थितियों को दर्शाते हुए जवानों ने निम्नलिखित रेस्क्यू ऑपरेशनों का लाइव प्रदर्शन किया:

  • ग्रामीण बचाव: बाढ़ में फंसे ग्रामीणों को सुरक्षित निकालने की प्रक्रिया।

  • डीप डाइविंग: नदी में डूबे व्यक्ति के शव को तलाश कर बाहर लाना।

  • दुर्घटना प्रबंधन: मोटर बोट के पलटने जैसी आपात स्थिति में तत्काल रेस्क्यू।

  • प्राथमिक उपचार: डूबे हुए व्यक्ति को CPR देकर त्वरित चिकित्सा देना।

  • उपकरण प्रदर्शन: आधुनिक बचाव उपकरणों का प्रयोग और उनका उपयोग कैसे किया जाए, यह बताया गया।