ढाई साल की बच्ची से दुष्कर्म, मुठभेड़ में मारा गया आरोपी

लखनऊ। शुक्रवार तड़के ढाई साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। बताया जाता है कि आरोपी दीपक रेलवे में पानी वेंडर था और देवी जागरणों में झाकियां भी लगाता था। वो रात 3 बजे के आसपास मेट्रो स्टेशन पुल के नीचे पहुंचा। पिता के बगल में सो रही बच्ची को उठाकर लिफ्ट के पास ले गया। वहां रेप किया और उसे झाड़ियों में फेंक दिया। बच्ची का प्राइवेट पार्ट बुरी तरह जख्मी हुआ है।
जानकारी के अनुसार 5 जून की सुबह 10 बजे पुलिस को शिकायत मिली थी। इसमें बताया गया कि ढाई वर्ष की बच्ची के साथ दुष्कर्म हुआ है। मामले में केस दर्ज करके आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें गठित की गईं। सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की पहचान दीपक वर्मा के रूप में हुई। पुलिस कमिश्नर को एक लाख रुपये का इनाम घोषित करने का प्रस्ताव दिया गया था। इनाम घोषित होने से पहले मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी क्षेत्र में है। वह भागने की फिराक में है। इस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग झोंकनी शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी को गोली लग गई। उसे अस्पताल ले जाया गया। वहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।