श्रेष्ठ कार्यक्रम अधिकारी सम्मान से नवाजे गए सुरेश कुमार ठाकुर
एनएसएस के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए राज्य स्तरीय सम्मान, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने किया सम्मानित

भिलाईनगर। इंदिरा गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, वैशाली नगर, भिलाई के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) कार्यक्रम अधिकारी सुरेश कुमार ठाकुर को एनएसएस के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय कार्यों के लिए “श्रेष्ठ कार्यक्रम अधिकारी” के राज्य स्तरीय सम्मान से सम्मानित किया गया।
24 सितंबर 2026 को पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, रायपुर में छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा विभाग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में राज्य स्तरीय एनएसएस स्थापना दिवस एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में सुरेश कुमार ठाकुर को यह सम्मान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने प्रदान किया। सम्मान के रूप में उन्हें प्रशस्ति-पत्र, स्मृति-चिह्न एवं पुरस्कार राशि प्रदान की गई। कार्यक्रम में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के उप कार्यक्रम सलाहकार डॉ. अशोक कुमार श्रोती तथा छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा विभाग की राज्य एनएसएस अधिकारी डॉ. नीता बाजपेई सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
सुरेश कुमार ठाकुर को मिले इस सम्मान पर इंदिरा गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. श्रीमती अलका मेश्राम ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राज्य स्तर पर प्राप्त यह सम्मान महाविद्यालय की एनएसएस इकाई के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि एनएसएस के माध्यम से विद्यार्थियों को समाजसेवा, जनजागरूकता और सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ने के प्रयासों को यह सम्मान नई प्रेरणा देगा। महाविद्यालय की एनएसएस इकाई ने इस उपलब्धि को गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों को समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय योगदान के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
