महादेव घाट मार्ग पर बढ़ा जलस्तर, आवागमन बाधित; गणेश विसर्जन पर भी रोक

अमलेश्वर से रायपुर जाने वाले लोगों से मुख्य मार्ग या तरीघाट मार्ग का उपयोग करने की अपील, शिवनाथ नदी में बढ़े जलप्रवाह को देखते हुए लिया गया निर्णय

महादेव घाट मार्ग पर बढ़ा जलस्तर, आवागमन बाधित; गणेश विसर्जन पर भी रोक

दुर्ग, 26 सितंबर। शिवनाथ नदी में बढ़े जलस्तर के चलते दुर्ग पुलिस ने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। अमलेश्वर से रायपुर जाने वाले महादेव घाट मार्ग पर जलस्तर काफी बढ़ जाने के कारण आवागमन बाधित हो गया है। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने लोगों से इस मार्ग का उपयोग नहीं करने की अपील की है।

पुलिस के अनुसार, नागरिक आवागमन के लिए मुख्य मार्ग अथवा तरीघाट मार्ग का उपयोग करें। जलस्तर बढ़ने के कारण महादेव घाट मार्ग पर आवाजाही करना जोखिमपूर्ण हो सकता है।

वहीं पुलगांव स्थित शिवनाथ नदी के पुल के पास भी जल बहाव बढ़ गया है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से यहां गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन नहीं किया जा रहा है।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नदी, पुल और तेज जलप्रवाह वाले क्षेत्रों में सुरक्षा का ध्यान रखें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।