राष्ट्रीय एकता दिवस पर बलरामपुर में छात्र-छात्राओं का सम्मान, एसपी वैभव बैंकर ने दिया सफलता का मंत्र


बलरामपुर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती (राष्ट्रीय एकता दिवस) के अवसर पर बलरामपुर के कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और स्वामी आत्मानंद शासकीय हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में चित्रकला, निबंध लेखन और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और रचनात्मक सोच को बढ़ावा देना था।
प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। निबंध लेखन में इरम ने पहला, रोशनी सिंह ने दूसरा और पूर्णिमा सिंह ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता में चाहत गुप्ता प्रथम, काजल गुप्ता द्वितीय तथा धनंजय कुशवाहा और लकी राम ईश्वर संयुक्त रूप से तृतीय रहे। वाद-विवाद प्रतियोगिता में माही सोनी प्रथम, कंचन द्वितीय और रोशन तारा तृतीय स्थान पर रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर (आईपीएस) ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्रीय एकीकरण में योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने देश की सैकड़ों रियासतों का विलय कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई, इसलिए उन्हें भारत का लौह पुरुष कहा जाता है।
एसपी बैंकर ने अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को लक्ष्य तय कर अनुशासन और मेहनत के साथ पढ़ाई करने की सलाह दी। उन्होंने परीक्षा की योजनाबद्ध तैयारी, प्रेजेंस ऑफ माइंड विकसित करने और सकारात्मक सोच अपनाने पर जोर दिया। साथ ही सोशल मीडिया के सही उपयोग, शिक्षा के महत्व, महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और यातायात नियमों के पालन की भी जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने एसपी से करियर और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े सवाल भी पूछे। काजल गुप्ता ने 12वीं की पढ़ाई के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर प्रश्न किया, जबकि नंदिनी मेहता ने विज्ञान विषय के साथ CLAT और सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के बारे में जानकारी मांगी। एसपी ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे इंजीनियरिंग पृष्ठभूमि से होने के बावजूद इतिहास विषय के माध्यम से सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण कर भारतीय पुलिस सेवा में चयनित हुए।
यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक विमलेश कुमार देवांगन ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के नियमों, हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने की सलाह दी। उन्होंने डायल-112, पीएम राहत योजना और राजवीर योजना की जानकारी भी दी तथा आपातकालीन स्थिति में पुलिस और अग्निशमन सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और 500 से अधिक छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
