KTM बाइक चोरी के 24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार

रात 3:30 बजे पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा, चोरी की बाइक बरामद

KTM बाइक चोरी के 24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। मोहन नगर थाना पुलिस और सीएसपी दुर्ग की टीम ने चोरी की गई केटीएम मोटरसाइकिल बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, ओम नगर उरला निवासी हरि साहू ने 24 जून को शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी केटीएम मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 BY 5301 घर के सामने से चोरी हो गई है। शिकायत पर मोहन नगर थाना में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार संदिग्धों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान 25 जून की मध्यरात्रि करीब 3:30 बजे मालवीय नगर चौक दुर्ग के पास एक संदिग्ध युवक पुलिस को मिला। पूछताछ में वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने उरला क्षेत्र से केटीएम बाइक चोरी करना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी यशवंत बंजारे (19 वर्ष) निवासी रामनगर, मुक्तिधाम सुपेला, भिलाई को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई केटीएम मोटरसाइकिल बरामद कर ली। बरामद बाइक की कीमत लगभग 30 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

आरोपी का नाम : यशवंत बंजारे पिता चंदूलाल बंजारे, उम्र 19 वर्ष, निवासी रामनगर, मुक्तिधाम सुपेला, भिलाई, जिला दुर्ग.