पर्यावरण संरक्षण के लिए BSF की बड़ी पहल, भिलाई सहित इकाइयों में लगाए 5000 पौधे


भिलाई, 05 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सामरिक मुख्यालय (विशेष-संक्रिया) बीएसएफ छत्तीसगढ़ द्वारा पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत सामरिक मुख्यालय भिलाई सहित अधीनस्थ वाहिनियों और इकाइयों में 5000 से अधिक छायादार, औषधीय, फलदार एवं सजावटी पौधों का रोपण किया गया। वृक्षारोपण कार्यक्रम का शुभारंभ उप महानिरीक्षक गिरधारी लाल मीणा ने पौधारोपण कर किया। इस अवसर पर बीएसएफ के अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों और जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी सामूहिक जिम्मेदारी निभाई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप महानिरीक्षक ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और संतुलित पर्यावरण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी कार्मिकों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित करने का आह्वान किया। बीएसएफ छत्तीसगढ़ द्वारा प्रत्येक वर्ष मानसून सत्र के दौरान बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान संचालित किया जाता है। इसके साथ ही पौधों के संरक्षण और संवर्धन पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। इस वर्ष भी सामरिक मुख्यालय से लेकर वाहिनी और कंपनी स्तर तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

कार्यक्रम के अंत में बीएसएफ परिवार की ओर से देशवासियों को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं दी गईं तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण और जनभागीदारी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। बीएसएफ का यह अभियान न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व, जन-जागरूकता और सतत विकास के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का भी सशक्त उदाहरण है।
