घर में अकेले रह रहे अधेड़ का संदिग्ध हालत में मिला शव, सोफे पर बैठी अवस्था में मिली लाश

दुर्ग। जिले के कातुलबोर्ड वार्ड नंबर-59 में एक अधेड़ व्यक्ति का संदिग्ध हालत में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान टेटकू राम बांधे (उम्र लगभग 55 से 60 वर्ष) के रूप में हुई है। मामला मोहन नगर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक टेटकू राम बांधे का शव उनके घर के अंदर सोफे पर बैठी अवस्था में मिला। शव काफी हद तक डिकंपोज हो चुका था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उनकी मौत कई दिन पहले हो चुकी थी। घटना की खबर मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक घर में अकेले रहते थे। उनकी तीन से चार बेटियों की शादी हो चुकी है और परिवार के अन्य सदस्य अलग रहते हैं। पड़ोसियों ने बताया कि टेटकू राम शराब का सेवन भी करते थे और अधिकांश समय अकेले ही रहते थे।
बताया जा रहा है कि घर से तेज बदबू आने पर पड़ोसियों को शक हुआ। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो अंदर सोफे पर शव मिला।
मोहन नगर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि शव काफी पुराना होने के कारण शुरुआती जांच में मौत के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
