धुमका नगर पंचायत चुनाव में भाजपा ने झोंकी ताकत, किरण सिंह देव बोले– “बूथ जीता तो चुनाव जीता”
प्रदेश अध्यक्ष और विधायक ललित चंद्राकर ने कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर बनाई चुनावी रणनीति

दुर्ग। धुमका नगर पंचायत चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चन्द्राकर मंगलवार को धुमका पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं और प्रत्याशियों की बैठक लेकर चुनावी रणनीति पर चर्चा की। स्थानीय भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी किरण वर्मा सहित सभी वार्डों के पार्षद प्रत्याशी और प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और घर-घर पहुंचकर प्रचार करने के निर्देश दिए।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि धुमका में कमल खिलाने के लिए बूथ स्तर तक मजबूती से काम करना होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की विष्णु देव साय सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को हर घर तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा, “बूथ जीता तो चुनाव जीता” के मंत्र के साथ मैदान में उतरें। उन्होंने यह भी कहा कि नगर पंचायत में भाजपा का बोर्ड बनने से ट्रिपल इंजन की सरकार बनेगी और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।

वहीं विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि धुमका की जनता बदलाव चाहती है और भाजपा प्रत्याशी जनता की सेवा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अंतिम समय तक पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ चुनाव मैदान में डटे रहने की अपील की। बैठक में बूथ प्रबंधन, मतदाता सूची के सूक्ष्म परीक्षण, डोर-टू-डोर संपर्क अभियान और मतदान दिवस की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, चुनाव प्रभारी, मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
