हिमाचल में बड़ा सड़क हादसा, खाई में गिरी टेंपो ट्रैवलर; 6 पर्यटकों की मौत

चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में रविवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। भटियात उपमंडल के ककीरा क्षेत्र में एक टेंपो ट्रैवलर दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, हादसा रविवार देर रात हुआ। टेंपो ट्रैवलर में सवार सभी लोग गुजरात के पर्यटक बताए जा रहे हैं, जो हिमाचल घूमने आए थे। अचानक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके के लिए रवाना हो गई। अंधेरे और दुर्गम इलाके के बावजूद राहत कार्य शुरू किया गया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। चंबा के एसपी Vijay Saklani ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में 6 लोगों की मौत हुई है, जबकि 4 घायल हैं। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है। शुरुआती आशंका तेज रफ्तार या वाहन से नियंत्रण खोने की जताई जा रही है।

