एक करोड़ की जमीन के लिए पिता बना हैवान: 13 साल के बेटे की हत्या कर भाइयों को फंसाने की रची साजिश

एक करोड़ की जमीन के लिए पिता बना हैवान: 13 साल के बेटे की हत्या कर भाइयों को फंसाने की रची साजिश
आरोपी पिता के साथ पुत्र

ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने अपने ही 13 वर्षीय बेटे की हत्या कर दी। आरोप है कि उसने जमीन विवाद में अपने भाइयों को फंसाने के इरादे से बेटे का गला दबाकर हत्या की और शव को गांव के बाहर तालाब में फेंक दिया। मामला कासना कोतवाली क्षेत्र के सिरसा गांव का है। आरोपी प्रदीप भाटी का बेटा सुधांशु आठवीं कक्षा का छात्र था। बुधवार रात करीब नौ बजे वह घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन उसके चाचा मोहित ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

इसी बीच गुरुवार शाम गांव के बाहर तालाब के पास खेल रहे बच्चों ने पानी में एक शव उतराता देखा। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे। शव की पहचान सुधांशु के रूप में होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में प्रदीप भाटी अपने बेटे को कार में बैठाकर ले जाता दिखाई दिया, लेकिन करीब दो घंटे बाद वह अकेले लौटता नजर आया। यहीं से पुलिस का शक गहराया। पूछताछ में आरोपी पुलिस को लगातार गुमराह करता रहा। उसने दावा किया कि सुधांशु गुलिस्तापुर में अपने दोस्त के घर पर है। पुलिस जब उसे साथ लेकर वहां पहुंची तो उसने बेटे को बुलाने के बहाने भागने की कोशिश की। हालांकि पुलिस और ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया।

फंसता देख आरोपी ने ब्लेड से अपना गला काटकर आत्महत्या करने की कोशिश की। पुलिस ने तुरंत उसे हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। जांच में सामने आया है कि प्रदीप का अपने भाइयों से करीब दो बीघा जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। गांव के बाहर स्थित इस जमीन की कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसी विवाद में भाइयों को फंसाने के लिए उसने अपने बेटे की हत्या की साजिश रची। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने कार के अंदर रस्सी से सुधांशु का गला घोंटा। वारदात के बाद उसने मोबाइल फोन भी बंद कर दिया, ताकि लोकेशन ट्रेस न हो सके। हत्या के बाद वह घर पहुंचा और पत्नी व भाइयों के सामने ऐसे व्यवहार करता रहा जैसे उसे कुछ पता ही न हो। घटना सामने आने के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। लोग इस बात से स्तब्ध हैं कि संपत्ति विवाद में एक पिता अपने ही बेटे की जान ले सकता है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।