जंगल में ‘मोबाइल ड्रग फैक्ट्री’ का भंडाफोड़, 100 करोड़ का हशीश ऑयल ज़ब्त

जगदलपुर। छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा से लगे घने जंगलों में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हाईटेक चलती-फिरती ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। जगदलपुर और मलकानगिरी बॉर्डर पर हुई इस कार्रवाई में करीब 800 लीटर हशीश ऑयल जब्त किया गया है, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 100 करोड़ रुपये आंकी गई है।

कोरापुट रेंज के डीआईजी डॉ. केवी सिंह के नेतृत्व में हुई इस छापेमारी में पुलिस ने जंगल के भीतर संचालित एक मोबाइल यूनिट को पकड़ा, जहां गांजे को प्रोसेस कर हशीश ऑयल बनाया जा रहा था। मौके से 50 किलो गांजा और ड्रग निर्माण में इस्तेमाल होने वाले अत्याधुनिक उपकरण भी बरामद किए गए हैं।

जांच में सामने आया है कि यह पूरी यूनिट ‘मोबाइल फैक्ट्री’ के तौर पर काम कर रही थी। इसे इस तरह डिजाइन किया गया था कि जरूरत पड़ने पर कुछ ही समय में पूरी सेटअप को समेटकर दूसरी जगह शिफ्ट किया जा सके। इससे तस्कर लगातार लोकेशन बदलकर कार्रवाई से बचते रहे।
छापेमारी की भनक लगते ही आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े लोगों और इसके पीछे सक्रिय बड़े अंतरराज्यीय गिरोह की तलाश में जुटी है।
कोरापुट-मलकानगिरी बेल्ट लंबे समय से गांजा तस्करी का बड़ा हब माना जाता रहा है, जहां से देशभर में सप्लाई की जाती है। इस कार्रवाई के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे नेटवर्क की गहन जांच शुरू कर दी है।

