उतई में पुतला दहन बना विवाद, कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर सहित 8 गिरफ्तार, बाद में रिहा

उतई में पुतला दहन बना विवाद, कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर सहित 8 गिरफ्तार, बाद में रिहा

भिलाई। पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म की घटना को लेकर गृहमंत्री विजय शर्मा के खिलाफ आयोजित पुतला दहन अब बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन गया है। प्रदर्शन के दौरान हुए एक हादसे के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए कांग्रेस के कई नेताओं को गिरफ्तार कर लिया।

मिनी माता चौक में हुए प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता पुतला दहन कर रहे थे। इसी बीच सिविल ड्रेस में मौजूद पुलिस आरक्षक गिरधर मंडावी पुतला छीनने की कोशिश कर रहे थे, तभी उनका हाथ आग से झुलस गया। घायल आरक्षक को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 191(2) और 221 के तहत अज्ञात आरोपियों पर मामला दर्ज किया था। जांच के सिलसिले में जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर समेत 8 नेताओं को नोटिस देकर रविवार को थाना उतई बुलाया गया। पूछताछ के बाद सभी को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार किए गए नेताओं में राकेश ठाकुर के साथ पूर्व पार्षद प्रहलाद वर्मा, नेता प्रतिपक्ष द्वारिका साहू, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष डिकेंद्र हिरवानी, गुलशन शर्मा, लोचन यादव, धर्मेंद्र बंजारे, सत्यप्रकाश कौशिक और दिवाकर गायकवाड़ शामिल हैं। हालांकि मामला बढ़ता देख कुछ ही समय बाद सभी को मुचलके पर रिहा कर दिया गया। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र का राजनीतिक माहौल गरमा गया है और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नाराजगी साफ देखी जा रही है।

वहीं पुलिस के अनुसार दिनांक 12.04.2026 को लगभग 16:30 बजे थाना उतई क्षेत्रांतर्गत मिनीमाता चौक में लगभग 50-60 व्यक्तियों द्वारा बिना विधिक अनुमति के एकत्र होकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया गया। कार्यपालिक मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल द्वारा अनुमति संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करने हेतु कहा गया, जो उपलब्ध नहीं कराया गया।

विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों द्वारा सड़क मार्ग अवरुद्ध कर पुतला दहन का प्रयास किया गया। पुलिस बल द्वारा उक्त प्रयास को रोकने हेतु आवश्यक कार्रवाई की गई। इस दौरान झूमा-झटकी की स्थिति निर्मित हुई, जिसमें माचिस से आग लगाए जाने के कारण ड्यूटी पर तैनात आरक्षक गिरधारी मंडावी के दोनों हाथ, आरक्षक अविनेश प्रताप सिंह के दाहिने हाथ तथा आरक्षक टिकेंद्र साहू को आंख के पास चोट आई।

प्रकरण में अपराध क्रमांक 200/2026 धारा 191(2), 221 भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। साक्ष्य संकलन के आधार पर आरोपियों को चिन्हित कर दिनांक 03.05.2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया है।

▪️ घटना का कारण :

राजनीतिक विरोध प्रदर्शन के दौरान बिना अनुमति पुतला दहन एवं सड़क अवरोध

▪️ घटनास्थल :

मिनीमाता चौक, उतई, जिला दुर्ग

पुलिस ने इन लोगों को किया गिरफ्तार

1. राकेश ठाकुर, उम्र 48 वर्ष, निवासी ग्राम धौराभाठा, उतई

2. द्वारिका प्रसाद साहू, उम्र 38 वर्ष, निवासी नेहरू नगर वार्ड 09, उतई

3. दिवाकर गायकवाड़, उम्र 41 वर्ष, निवासी ग्राम उमरपोटी, उतई

4. धर्मेन्द्र बंजारे, उम्र 31 वर्ष, निवासी गंगानगर बस स्टैंड, डुमरडीह

5. डिकेन्द्र कुमार उर्फ राजू, उम्र 58 वर्ष, निवासी बाजार चौक, उतई

6. सत्य प्रकाश कौशिक उर्फ सत्तू, उम्र 31 वर्ष, निवासी उमरपोटी, उतई

7. प्रहलाद वर्मा, उम्र 42 वर्ष, निवासी हथखोज पारा वार्ड 14, उतई

8. लोचन यादव, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम मुड़पार, उतई