बाइक से शराब तस्करी करते 2 आरोपी गिरफ्तार, 35 पौवा शराब जब्त

बाइक से शराब तस्करी करते 2 आरोपी गिरफ्तार, 35 पौवा शराब जब्त

दुर्ग जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उतई पुलिस को अहम सफलता मिली है। बाइक के जरिए अवैध शराब की तस्करी कर रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 35 पौवा देशी शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है।

मामला 21 अप्रैल 2026 का है, जब उतई थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से अवैध शराब लेकर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जोरातराई रोड स्थित अयंत्रा माता मंदिर के पास घेराबंदी कर संदिग्ध बाइक CG 07 LW 6118 को रोका।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 35 पौवा देशी मदिरा (करीब 6.3 बल्क लीटर) बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 3500 रुपये बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी इस शराब को ग्रामीण क्षेत्रों में बेचने की फिराक में थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जितेन्द्र कुमार राय (34 वर्ष) और इन्द्रजीत सिंह (55 वर्ष), दोनों निवासी टंकी मरौदा, रिसाली के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।